बरेली: चचेट का लाइफ लाइन हॉस्पिटल सील, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन

बहेड़ी के चचेट में बिना वैध पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे लाइफ लाइन हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है। नोडल अधिकारी की इस कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।

बरेली: चचेट का लाइफ लाइन हॉस्पिटल सील, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन
HIGHLIGHTS:

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर चचेट इलाके में बिना मान्यता के चल रहे लाइफ लाइन हॉस्पिटल को पूरी तरह बंद करा दिया।

दस्तावेज नदारद: नोडल अधिकारी के मांगने पर अस्पताल प्रबंधन वैध पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) और चिकित्सा से जुड़े जरूरी कानूनी अभिलेख पेश नहीं कर सका।

मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि: विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि बिना मानकों के मरीजों की जान जोखिम में डालने वाले झोलाछाप और अवैध सेंटरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हसीन दानिश / जन माध्यम
बहेड़ी।
अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को चचेट स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में हड़कंप मच गया।

नोडल अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और संचालन से संबंधित दस्तावेजों तथा अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण संबंधी प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन अस्पताल वैध पंजीकरण दस्तावेज नहीं दिखा सका। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल बिना आवश्यक अनुमति और पंजीकरण के संचालित पाया गया। इसके बाद टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही अस्पताल से संबंधित अभिलेखों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के संचालन के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। बिना पंजीकरण संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी दी गई तथा आगे की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि किसी अस्पताल में उपचार कराने से पहले उसके पंजीकरण और मान्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि सुरक्षित और मानक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।