बरेली: कम राशन देने की शिकायत करने पर भड़के कोटेदार ने दी धमकी
बरेली तहसील सदर के ग्राम अलीनगर निवासी असगर खां ने जिलाधिकारी से मिलकर राशन कोटेदार द्वारा निर्धारित मात्रा से 5 किलो कम गल्ला देने और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद घर आकर जबरन अंगूठा लगवाने व धमकी देने का आरोप लगाया है।
अलीनगर के कोटेदार पर कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से करीब 5 किलोग्राम राशन कम देने का गंभीर आरोप लगा है।
सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत की जांच होने के बाद कोटेदार सहयोगियों संग पीड़ित के घर पहुंच गया और जबरन सादे कागज पर अंगूठा लगवाने का प्रयास किया।
पीड़ित असगर खां ने कोटेदार को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा और राशन कार्ड न कटने देने की गुहार लगाई है ।
जन माध्यम
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों को पारदर्शी तरीके से राशन वितरण के दावों को धरातल पर स्थानीय कोटेदार चुनौती दे रहे हैं। बरेली की सदर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अलीनगर में राशन वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली और कार्डधारकों के उत्पीड़न का मामला सामने आया है। गांव के ही एक पीड़ित उपभोक्ता ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा और कोटेदार की दबंगई व लगातार मिल रही धमकियों से अपने परिवार को बचाने की मांग की है।
ग्राम अलीनगर निवासी पीड़ित असगर खां के मुताबिक, गांव का कोटेदार उन्हें और अन्य कई कार्डधारकों को तय सरकारी मात्रा से करीब 5 किलो राशन कम देता है। जब उन्होंने इस घटतौली और अनियमितता का विरोध किया, तो कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर असगर खां ने इसकी आधिकारिक शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज करा दी, जिसके बाद विभाग हरकत में आया और मामले की शुरुआती जांच की गई।
शिकायत और जांच से बौखलाकर कोटा डीलर दौलतिया, अपने सहयोगियों रियासत और इकराम के साथ असगर खां के घर धमक गया। आरोप है कि इन लोगों ने पीड़ित पर एक सादे कागज पर अंगूठा लगाने का भारी दबाव बनाया ताकि शिकायत को वापस कराया जा सके। जब असगर ने सादे कागज पर अंगूठा लगाने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनका सरकारी राशन कार्ड हमेशा के लिए कटवाने की सीधी धमकी दे डाली।
असगर खां ने जिलाधिकारी को बताया कि घर पर आकर हंगामा करने के बाद भी कोटेदार का मन नहीं भरा। अब उसे फोन के माध्यम से लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। आरोपी कोटेदार और उसके साथी गांव के दबंग और रसूखदार लोग हैं, जिसके कारण पीड़ित का पूरा परिवार इस समय गहरे मानसिक तनाव और खौफ के साए में जीने को मजबूर है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में असगर खां ने जिला प्रशासन और जिला पूर्ति अधिकारी से हैं- ग्राम अलीनगर के राशन दुकान के वितरण और स्टॉक की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए, कार्ड धारकों को पूरा राशन दिलाते हुए घटतौली करने वाले कोटेदार दौलतिया और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, शिकायतकर्ता और उसके परिवार को दबंगों से सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना किसी डर के गांव में रह सकें।
कलेक्ट्रेट प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित जांच कर आख्या सौंपने और कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।