शादी के दो दिन बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में शादी के दो दिन बाद 26 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना से परिवार और नवविवाहिता पत्नी सदमे में हैं।
शादी के महज दो दिन बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
मृतक की पहचान जौहरपुर निवासी रामजी शर्मा के रूप में हुई।
घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं, पुलिस जांच में जुटी।
जन माध्यम
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। जिस घर में दो दिन पहले तक विवाह की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया। शादी के महज दो दिन बाद 26 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से परिवार और नवविवाहिता पत्नी गहरे सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार दोपहर करीब एक बजे खड़ौआ और पस्तोर रेलवे क्रॉसिंग के बीच अप लाइन पर पोल संख्या 1317/11 के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जौहरपुर गांव निवासी रामजी शर्मा (26) पुत्र हरीश शर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि रामजी की बारात 19 जून को शाहजहांपुर गई थी। 21 जून को दुल्हन की विदाई के बाद वह अपने घर लौटा था। परिवार गुरुवार को होने वाली पहली विदाई की रस्म की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
घटना के बाद नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।