तेज रफ्तार कार ने बारात से लौटते समय ठेली में मारी टक्कर, तीन किशोरों की मौत, दो की हालत गंभीर
1. दादा की मौत की खबर सुन घर लौट रहा था पोता, 10 मिनट के अंतर में गई जान
शाही, बरेली। देहात के थाना शीशगढ़ क्षेत्र के आनंदपुर गांव के पास शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त सभी किशोर बारात चढ़ाकर शिवा बैंड की ठेली को धक्का देते हुए घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार इको कार ने पीछे से ठेली में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। कार धनेटा की तरफ से शीशगढ़ जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 16 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र महेंद्र पाल निवासी बकैनिया वीरपुर की मौके पर ही मौत हो गई। मोहित (14) पुत्र कल्याण ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि सचिन (15) पुत्र गंगाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक ही गांव के तीन किशोर, बैंड में करते थे काम
तीनों मृतक आनंदपुर गांव के रहने वाले थे और शिवा बैंड में मजदूरी करते थे। सभी किशोर अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते थे रोहित कक्षा 08, सचिन कक्षा 07 और मोहित कक्षा 05 का छात्र था। सभी के परिवारों में वह सबसे छोटे थे।
दादा-पोते की एक साथ उठी अर्थी
रोहित के परिवार पर दोहरा पहाड़ टूट पड़ा। घटना से ठीक 10 मिनट पहले उसके दादा की पैरालिसिस से मौत हो गई थी। दादा की मौत की खबर सुन रोहित ठेली छोड़ घर की ओर लौट रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। गांव में रविवार सुबह एक साथ चार अर्थियां उठीं तो माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने कार बरामद की, चालक फरार
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को बरामद कर चौकी दुनका पर खड़ा कर दिया है। महेंद्र पाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
एक साथ तीन किशोरों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। हर किसी की आंखों में आंसू थे और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा।
घटना के संबंध में मृतक रोहित कुमार के पिता महेंद्र पाल की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके से भागी कार को पुलिस ने नाकाबंदी कर बरामद कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं- अंजनी कुमार तिवारी, सीओ मीरगंज।