10 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने शाहजहांपुर सदर तहसील के लेखपाल योगेश कुमार तिवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

10 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार
लेखपाल योगेश कुमार तिवारी।
HIGHLIGHTS:

• शाहजहांपुर सदर तहसील के लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।

• खेत की पैमाइश और सीमा निर्धारण के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत हुई थी।

• भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

जन माध्यम
बरेली/शाहजहांपुर।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने बुधवार को शाहजहांपुर सदर तहसील में तैनात लेखपाल योगेश कुमार तिवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, शिकायतकर्ता शाकिर अली ने आरोप लगाया था कि खेत की पैमाइश एवं सीमा निर्धारण (दुर्वंदी) कराने के बदले लेखपाल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।

बुधवार दोपहर करीब 12:37 बजे प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर आरोपी लेखपाल को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली, शाहजहांपुर ले जाया गया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल संगठन को दें, ताकि उसके खिलाफ विधिसम्मत और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।