ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में 22 आरोपी गिरफ्तार

आगरा मंडल में आरपीएफ ने ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' के तहत अप्रैल से जून 2026 के बीच 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान करीब 4.73 लाख रुपये मूल्य की चोरी और गुम हुई संपत्ति भी बरामद की गई।

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में 22 आरोपी गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

ऑपरेशन "यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अप्रैल से जून 2026 के बीच करीब 4.73 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

यात्रियों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन 139 पर देने की अपील।

जन माध्यम
आगरा/मथुरा।
यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। अप्रैल से जून 2026 के दौरान अभियान के अंतर्गत 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो यात्रियों के सामान की चोरी, झपटमारी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में आरपीएफ की टीमों ने रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और कोचों में लगातार सघन गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान यात्रियों की चोरी अथवा गुम हुई संपत्तियों को भी बरामद किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 73 हजार 50 रुपये बताई गई है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ रेलवे परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी तथा त्वरित कार्रवाई दलों की भी प्रभावी तैनाती की गई है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। साथ ही यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है तथा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।