हाथरस: लेबर कॉलोनी में लगेगा मुफ्त स्वास्थ्य कैंप, पालिका अध्यक्ष ने CMO को लिखा पत्र
हाथरस के वार्ड नंबर 27 लेबर कॉलोनी में बुजुर्गों और असहाय मरीजों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य शिविर लगाने की कवायद शुरू। पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू की मांग पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने CMO को भेजा पत्र।
वार्ड नंबर 27 लेबर कॉलोनी के गरीब और बुजुर्ग मरीजों को घर के पास ही मिलेगा मुफ्त इलाज और दवाएं।
* पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू और स्थानीय निवासियों के अनुरोध पर पालिका अध्यक्ष ने लिया त्वरित संज्ञान।
* कैंप में डॉक्टरों की टीम करेगी आंखों का चेकअप और सांस जैसी गंभीर बीमारियों का मुफ्त परीक्षण
हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने जनहित में एक सराहनीय पहल की है। वार्ड नंबर 27 लेबर कॉलोनी के निवासियों और पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू के अनुरोध पर पालिका अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हाथरस को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के जरिए कॉलोनी में गरीब, असहाय और बुजुर्ग मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने की मांग की गई है।
जिला अस्पताल न जा पाने वाले बुजुर्गों को मिलेगा घर बैठे इलाज
लेबर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में ऐसे कई बुजुर्ग और असहाय महिला-पुरुष हैं, जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं लेकिन आर्थिक तंगी या शारीरिक अक्षमता के कारण जिला अस्पताल तक दवा और इलाज के लिए नहीं जा पाते। जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू ने पालिका अध्यक्ष से कैंप लगवाने का अनुरोध किया था।
अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सीएमओ को पत्र लिखकर सरकार की कल्याणकारी स्वास्थ्य योजना के तहत लेबर कॉलोनी में प्रत्येक बुधवार और रविवार को कैंप आयोजित करने की सिफारिश की है।
डॉक्टरों की टीम करेगी मुफ्त जांच, मिलेंगी दवाइयां
उम्मीद जताई जा रही है कि हाथरस सीएमओ द्वारा जल्द ही एक विशेष टीम का गठन कर इस कैंप को मंजूरी दे दी जाएगी। इस स्वास्थ्य शिविर में:
-
एक योग्य डॉक्टर और दो स्वास्थ्य कर्मचारी तैनात रहेंगे।
-
मरीजों की आंखों का चेकअप और सांस के रोगियों की विशेष जांच की जाएगी।
-
शरीर की अन्य सामान्य बीमारियों के लिए मुफ्त परामर्श और दवाइयां मुहैय्या कराई जाएंगी।
जनता ने की सराहना: स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे पहले किसी भी राजनीतिक नेता या जनप्रतिनिधि ने इस समस्या को इतनी गंभीरता से नहीं लिया था। पालिका अध्यक्ष द्वारा जनहित में तत्काल उठाए गए इस कदम की हाथरस की जनता जमकर सराहना कर रही है।