गौकशी के खुलासे में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल

मेरठ के भावनपुर में गौकशी की घटना के खुलासे के दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गौकशी के खुलासे में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल
HIGHLIGHTS:

भावनपुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने गौकशी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान शौकीन के पैर में गोली लगी, जबकि आबिद को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

आरोपियों के कब्जे से गौकशी के उपकरण, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक बरामद हुई।

जन माध्यम
मेरठ।
थाना भावनपुर पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त टीम ने ग्राम किनानगर के जंगल में हुई गौकशी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 8/9 सितंबर की रात ग्राम किनानगर के जंगल में सुशील तोमर के खेत में अज्ञात लोगों ने गौकशी की थी। मौके से गोवंश के अवशेष मिलने के बाद ग्राम प्रधान नीरज कश्यप की तहरीर पर थाना भावनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं।

इसी क्रम में 17/18 सितंबर की रात संयुक्त पुलिस टीम किनानगर के जंगल के पास हाईवे पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। उनके पीछे काले रंग की एक गाड़ी भी थी। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर गाड़ी चालक वाहन मोड़कर फरार हो गया, जबकि बाइक सवार दोनों लोगों ने भी भागने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान बाइक सवार एक आरोपी ने टीम पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में शौकीन के पैर में गोली लगी। वहीं दूसरे आरोपी आबिद को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो छुरी, एक दाब, रस्सी और लकड़ी का टुकड़ा समेत गौकशी में प्रयुक्त बताए गए उपकरण बरामद किए। शौकीन के पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका इंजन और चेसिस नंबर घिसा हुआ बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 8/9 सितंबर की रात किनानगर के जंगल में हुई गौकशी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस पर फायरिंग के संबंध में भी आरोपियों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के पूर्व आपराधिक मामलों का भी विवरण जारी किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।