जिले में प्रशासन की कड़ी चौकसी, रमज़ान, महाशिवरात्रि और होली के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध

आगामी त्योहारों रमज़ान, महाशिवरात्रि और होली के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यापक निरीक्षण किया।

जिले में प्रशासन की कड़ी चौकसी, रमज़ान, महाशिवरात्रि और होली के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध
  • पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारीयों ने किया शहर और देहात के मंदिरों का दौरा

  • प्रशासन का भरोसा – शांतिपूर्ण होंगे पर्व

बरेली, नापतोल न्यूज़। जनपद में आगामी त्योहारों रमज़ान, महाशिवरात्रि और होली के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यापक निरीक्षण किया। शनिवार को बरेली मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग ने संयुक्त रूप से गौरी शंकर मंदिर, गुलड़िया उपराला (आंवला) का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना फरीदपुर क्षेत्र में श्री पंचमेश्वर महादेव मंदिर, भगवानपुर फुलवा पचौमी और अन्य प्रमुख मंदिरों का भी दौरा किया गया। इस दौरान मंदिर परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन का गहन अवलोकन किया गया। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

प्रशासन ने त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी और पुलिस विभाग द्वारा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। कुछ स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

रात्रि गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया दल भी सक्रिय

शहर में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बाजारों और मंदिरों के आसपास भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जनता से सतर्कता बरतने की अपील

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धार्मिक संगठनों से संवाद किया और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने जनता से आग्रह किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या उकसाने वाली पोस्ट की निगरानी के लिए साइबर सेल को भी सतर्क किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी अलर्ट पर

त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल सुविधाओं को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों में अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ की तैनाती होगी और एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

प्रशासन का भरोसा – शांतिपूर्ण होंगे पर्व

वरिष्ठ अधिकारियों ने आमजन को आश्वस्त किया कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से तत्पर हैं ताकि नागरिक निर्भीक और सुरक्षित माहौल में अपने धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव मना सकें। इसके साथ ही सभी से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।