अब दूरी नहीं, रफ्तार बोलेगी,दो घंटे में बरेली से आगरा

एनएचएआई के आगरा–बरेली ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे से सफर का समय घटकर दो से ढाई घंटे रह जाएगा। 228 किमी लंबी और 7700 करोड़ की यह परियोजना पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगी।

अब दूरी नहीं, रफ्तार बोलेगी,दो घंटे में बरेली से आगरा
HIGHLIGHTS:

➡️ आगरा से बरेली का सफर सिर्फ 2–2.5 घंटे
➡️ 228 किमी लंबा चार लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
➡️ कुल लागत करीब 7700 करोड़ रुपये
➡️ 15 जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
➡️ 2027 से पहले पूरा होने की उम्मीद

एनएचएआई का मेगा ग्रीन कॉरिडोर आकार लेने लगा, मथुरा–हाथरस–कासगंज–बदायूं होते हुए बरेली तक आसान सफर

डेस्क/ जन माध्यम
बरेली।
आगरा से बरेली की यात्रा अब थकान, धक्कों और जाम की कहानी नहीं रहने वाली। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया एनएचएआई ने आगरा–बरेली एक्सप्रेसवे परियोजना को युद्धस्तर पर आगे बढ़ा दिया है। चार चरणों में बन रहे इस ग्रीन कॉरिडोर के दो चरणों का निर्माण कार्य करीब 50 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। रफ्तार ऐसी है कि यह मेगा प्रोजेक्ट तय समय से पहले धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रहा है।

एक्सप्रेसवे के पूरा होते ही आगरा से बरेली का सफर महज दो से ढाई घंटे में तय हो सकेगा। अभी यही दूरी तय करने में यात्रियों को पांच से छह घंटे तक जूझना पड़ता है। इस परियोजना से 15 जिलों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनकी रोज़मर्रा की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला मिश्रा के अनुसार आगरा–बरेली ग्रीन कॉरिडोर की कुल लंबाई 228 किलोमीटर है। यह चार लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसकी कुल लागत करीब 7700 करोड़ रुपये है। लक्ष्य इसे 2027 तक पूरा करने का है, लेकिन काम की रफ्तार को देखते हुए इसे दो से तीन महीने पहले ही पूरा किए जाने की उम्मीद है। यह एक्सप्रेसवे आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बदायूं और बरेली जैसे प्रमुख जिलों को सीधे जोड़ेगा, जिससे धार्मिक, औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

इस रूट पर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का जाल बिछाया जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर 20 फ्लाईओवर, 26 अंडरपास, 5 बड़े पुल और 6 रेल ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को भी जाम से मुक्ति और निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी। आगरा–बरेली एक्सप्रेसवे के बनते ही व्यापार, पर्यटन और उद्योग को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। समय की बचत, सुरक्षित यात्रा और ईंधन की खपत में कमी यह सब इसकी बड़ी सौगातें होंगी।

आगरा–बरेली एक्सप्रेसवे: चरणवार प्रगति

➡️ मथुरा–हाथरस (66 किमी): करीब 60% काम पूरा, कुछ हिस्सों में यातायात शुरू
➡️ हाथरस–कासगंज (57 किमी): निर्माण पूरा, संचालन जारी
➡️ कासगंज–बदायूं (46 किमी): लगभग 10% काम पूरा
➡️ बदायूं–बरेली (45 किमी): करीब 45% निर्माण कार्य पूरा