स्टेशनों पर बढ़ी सुरक्षा की निगरानी
आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन स्टेशन पर नई केंद्रीकृत सर्विलांस प्रणाली लागू 4K कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी हुई मजबूत
दोनों स्टेशनों पर लगे 4K कैमरे
केंद्रीकृत सिस्टम से जुड़ी निगरानी
रियल टाइम मॉनिटरिंग में बढ़ोतरी
यात्रियों की सुरक्षा होगी और मजबूत
जन माध्यम
आगरा मथुरा। जब सफर सुरक्षित होता है तो हर यात्री का विश्वास और सुकून अपने आप बढ़ जाता है। इसी दिशा में आगरा मंडल ने एक बड़ा कदम उठाते हुए आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन स्टेशन पर नई केंद्रीकृत सर्विलांस प्रणाली स्थापित की है।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर सुबोध राजपूत के निर्देशन में इस प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। इसके तहत आगरा कैंट स्टेशन पर 200 और मथुरा जंक्शन पर 211 अत्याधुनिक 4K कैमरे लगाए गए हैं।
इन सभी कैमरों को एक केंद्रीकृत सर्विलांस सिस्टम से जोड़ा गया है, जिससे स्टेशन परिसर की निगरानी अब और अधिक सटीक और प्रभावी हो गई है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज और अन्य संवेदनशील स्थानों पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी।
नई व्यवस्था के जरिए रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो गई है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। इससे यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
आगरा मंडल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्रा अनुभव देना है। यह नई प्रणाली उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रेलवे प्रशासन लगातार तकनीकी उन्नयन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है, ताकि सफर को और अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।