ट्रक की टक्कर से पिता और दो बेटों की मौत
बहेड़ी के नैनीताल मार्ग पर घने कोहरे में ट्रक की टक्कर से मजदूरी को निकले पिता और उसके दो बेटों की मौके पर मौत हो गई, गांव में शोक की लहर।
➡️ नैनीताल मार्ग पर गुड़वारा गांव के पास हादसा
➡️ घने कोहरे में पीछे से आए ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
➡️ पिता पप्पू और बेटे विवेक-विशाल की मौके पर मौत
➡️ ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
➡️ छह बच्चों वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
➡️ गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
जन माध्यम | मुम्ताज़ अली। बहेड़ी (बरेली)।
नैनीताल मार्ग पर गुड़वारा गांव के पास बुधवार सुबह घने कोहरे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उसके दो बेटों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव इटोआ निवासी 55 वर्षीय पप्पू अपने दोनों पुत्रों 20 वर्षीय विवेक और 15 वर्षीय विशाल के साथ बाइक से मजदूरी करने किच्छा की ओर जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही वे गुड़वारा गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की चाची सरोज ने बताया कि घना कोहरा होने के बावजूद पप्पू अपने बेटों के साथ रोज़ी-रोटी की तलाश में निकले थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी।
अचानक हुई इस त्रासदी से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतक पप्पू की पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि पप्पू के छह बच्चे थे, जिनमें पिता समेत दो बेटों की इस हादसे में मौत हो गई। घर में अब सिर्फ सिसकियां और सवाल बचे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह सड़क पर कोहरा अधिक होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया। तीनों मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।