बहेड़ी: सहेलियों पर फब्तियां कसीं तो भड़की दुल्हन, स्टेज पर वरमाला डालने से किया साफ इंकार
बहेड़ी में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे के दोस्तों की अभद्र टिप्पणी से नाराज दुल्हन ने वरमाला डालने से मना कर दिया। काफी हंगामे और दोस्तों की माफी के बाद बुजुर्गों ने मामला शांत कराया और शादी संपन्न हुई।
बहेड़ी के एक बैंक्वेट हॉल में वरमाला के दौरान हुआ जमकर हंगामा।
दूल्हे के दोस्तों ने दुल्हन की सहेलियों पर कसी थीं फब्तियां, दुल्हन ने जताया कड़ा विरोध।
स्टेज छोड़कर कमरे में चली गई दुल्हन, माफी मांगने के बाद ही लौटी दोबारा।
मुमताज अली। जन माध्यम
बहेड़ी।बरेली। तहसील क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में चल रहे शादी समारोह में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक स्वाभिमानी दुल्हन ने दूल्हे के दोस्तों की बदतमीजी के विरोध में वरमाला डालने से साफ इंकार कर दिया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई।
जानकारी के मुताबिक, बारात चढ़ने के बाद वरमाला की रस्म शुरू होने वाली थी। दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंची, तभी दूल्हे के साथ आए कुछ दोस्तों ने दुल्हन की सहेलियों पर अभद्र टिप्पणियां (फब्तियां) कसनी शुरू कर दीं। दुल्हन ने पहले तो इस पर आपत्ति जताई, लेकिन जब युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, तो दुल्हन का गुस्सा फूट पड़ा। उसने फौरन वरमाला डालने से मना कर दिया और स्टेज से उतरकर सीधे अपने कमरे में चली गई।
दुल्हन के इस कड़े रुख से बारातियों और घरातियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मामला इतना बढ़ गया कि शादी टूटने की नौबत आ गई। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और दुल्हन की सख्त शर्त के बाद, दूल्हे के दोस्तों ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती मानी और माफी मांगी।
इसके बाद दोनों पक्षों के बुजुर्गों ने बीच-बचाव किया और दुल्हन को समझा-बुझाकर दोबारा स्टेज पर लाया गया। आखिरकार माहौल शांत हुआ, वरमाला की रस्म पूरी हुई और बाकी की रस्में हंसी-खुशी संपन्न कराई गईं। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।