बहेड़ी में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल

बहेड़ी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बाइक और मोबाइल लूट का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को दबोचा। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल, माल बरामद।

बहेड़ी में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल
HIGHLIGHTS:

बहेड़ी पुलिस ने चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर बाइक और मोबाइल लूट की घटना का किया सफल अनावरणऑ।

खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में शातिर लुटेरे करन मौर्य के पैर में लगी गोली।

पुलिस ने घायल समेत दोनों अभियुक्तों को दबोचा; कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद।

आरोपियों ने बीती 4 जून को ग्राम मिन्नतपुर के समीप एक व्यक्ति को रोककर लूट की वारदात को दिया था अंजाम।

मुम्ताज अली / जन माध्यम
बहेड़ी। बरेली
। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की बहेड़ी थाना पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बीती रात एक संक्षिप्त और साहसिक मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग के जवाब में police ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक शातिर लुटेरे के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके पास से हाल ही में लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अवैध असलहे बरामद किए हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 4 जून 2026 की शाम को उदेलापुर निवासी वीरपाल पुत्र अमर सिंह अपनी ससुराल से वापस लौट रहे थे। रात करीब 7:30 बजे जैसे ही वह ग्राम मिन्नतपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने असलहे के बल पर उन्हें रोक लिया और उनकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूटकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की लिखित तहरीर पर बहेड़ी थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस की टीमें लगातार बदमाशों की सुरागकशी में जुटी हुई थीं।

मामले का ब्योरा देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार ने बताया कि 13 जून की रात बहेड़ी पुलिस टीम देवीपुरा बाजार के समीप संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुड़िया नवाब बख्श की तरफ से एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर जाकर हड़बड़ाहट में बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।

खुद को चारों तरफ से पुलिस बल से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस टीम ने भी अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश करन मौर्य (22 वर्ष) के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसके दूसरे साथी ओमकार (23 वर्ष) को मौके से दबोच लिया। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही 4 जून को मिन्नतपुर के पास वीरपाल से लूटपाट की थी और पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट हटा दी थी। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक मोबाइल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक इनका पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।