बरेली में बरात में हर्ष फायरिंग: युवक के माथे में गोली लगने से मौत, आरोपी फरार
बरेली में बरात के दौरान हर्ष फायरिंग में रिजवान नाम के युवक के माथे में गोली लगी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, आरोपी युवक फरार है।
➡️ बरेली में बरात के दौरान हर्ष फायरिंग में युवक रिजवान को गोली लगी
➡️ माथे में गोली धंसने से मौके पर अफरा-तफरी
➡️ अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत
➡️ फायरिंग करने वाला युवक हादसे के बाद फरार
➡️ पुलिस ने जांच शुरू की, शिकायत मिलते ही केस दर्ज होगा
खुशियों भरी बरात में मातम, आरोपी युवक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। बरेली में एक बरात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशी को गम में बदल दिया। धड़ाधड़ चल रही गोलियों के बीच एक गोली बराती के माथे में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद फायरिंग करने वाला युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय हैं।
सिरौली क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी अबरार उर्फ मंगली की बेटी की बरात सुभाष नगर के सिठौरा से आई थी। बरात में सिठौरा निवासी रिजवान अपने दोस्तों के साथ शामिल हुआ था। रात करीब आठ बजे जैसे ही बरात बस से उतरकर मुख्य अड्डे पर पहुंची, कुछ लोगों ने खुशी में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक गोली पास में खड़े रिजवान के माथे में जा धंसी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बरातियों ने घायल रिजवान को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिरौली थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और बरातियों से पूछताछ की। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला युवक, रिजवान के साथ ही बरात में आया था और हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में टीमें लगा चुकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।