मीरगंज फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन से टकराई बाइक, युवक की हालत गंभीर

मीरगंज फ्लाईओवर पर एक बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में अब्दुल्लापुर मिलक निवासी दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी बाल-बाल बचे।

मीरगंज फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन से टकराई बाइक, युवक की हालत गंभीर
बरेली: मीरगंज फ्लाईओवर पर हादसे के बाद जांच करती पुलिस।
HIGHLIGHTS:

मीरगंज फ्लाईओवर पर बाइक और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत।

बाइक सवार दिलीप गंभीर रूप से घायल, दो अन्य साथियों को आई मामूली चोटें।

करण पाल सिंह। जन माध्यम

मीरगंज। बरेली। बुधवार को मीरगंज फ्लाईओवर पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यातायात नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार के कारण फ्लाईओवर पर आए दिन ऐसे जोखिम भरे हादसे हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, अब्दुल्लापुर मिलक निवासी दिलीप पुत्र बाबू अपने साथियों कमल और अमन गोस्वामी के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मीरगंज आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, दिलीप की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि कमल और अमन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।