बरेली में तेज रफ्तार का कहर, बाइक टक्कर में युवक की मौत

बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 40 वर्षीय युवक बबलू सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरेली में तेज रफ्तार का कहर, बाइक टक्कर में युवक की मौत
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

तेज रफ्तार बाइक से भीषण टक्कर

40 वर्षीय बबलू सिंह की मौत

छोटा भाई गंभीर रूप से घायल

जन माध्यम
बरेली।
तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सड़क पर किसी का पूरा संसार उजाड़ गया। थाना नवाबगंज क्षेत्र के हसनपुर खुडाला कोठी निवासी 40 वर्षीय बबलू सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई हेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, बुधवार को बबलू सिंह अपने छोटे भाई हेम सिंह के साथ बाइक से हेम सिंह की ससुराल मालपुर जा रहे थे। दोनों भाई रास्ते में बातचीत करते हुए हसनपुर रोड से गुजर रहे थे। तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे।

बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला युवक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे में बबलू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई हेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद टक्कर मारने वाली बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

बताया जाता है कि बबलू सिंह अपने पीछे पत्नी पूनम देवी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को गमगीन कर दिया।