नेशनल हाईवे हादसे में बरेली पुलिसकर्मी की मौत, महिला कांस्टेबल घायल
रामपुर के शहजादनगर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर वज्र वाहन हादसे में बरेली पुलिस लाइन के कांस्टेबल चालक अशोक कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला कांस्टेबल आरती घायल हुई हैं।
झुनैया पुल के ऊपर नेशनल हाईवे पर पुलिस वाहन हादसे का शिकार हुआ।
बरेली पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल चालक अशोक कुमार की मौत।
महिला कांस्टेबल आरती घायल, जिला अस्पताल में उपचार जारी।
जन माध्यम
रामपुर। थाना शहजादनगर क्षेत्र में झुनैया पुल के ऊपर नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बरेली पुलिस लाइन के वज्र वाहन चालक कांस्टेबल अशोक कुमार (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में महिला कांस्टेबल आरती भी घायल हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक बरेली पुलिस लाइन की गाड़ी संख्या UP32FG5891, जिस पर वज्र वाहन तैनात था, झुनैया पुल के ऊपर नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर ले जाया गया।
इलाज के दौरान कांस्टेबल चालक अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय जयपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। अशोक कुमार की तैनाती परिवहन शाखा, बरेली में थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। ड्यूटी के दौरान साथी पुलिसकर्मी की असमय मौत से विभाग और परिवार में गहरा दुख है। घायल महिला कांस्टेबल आरती का उपचार जारी है।