बरेली पुलिस का पावर ऑन, दंगाइयों को चेतावनी - बवाल किया तो बचोगे नहीं: अनुराग आर्य
बरेली, राकेश सिसौदिया। त्योहारों का सीजन आते ही बरेली पुलिस का पसीना बहाने वाला मिशन सिक्योरिटी शुरू हो गया है। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में पुलिस बल ने जबर्दस्त बलवा ड्रिल कर यह दिखा दिया कि अगर किसी ने दंगा करने की सोची भी, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। 600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टोली, हाई-टेक हथियारों का दमदार प्रदर्शन और दंगाइयों के होश उड़ाने वाले एक्शन ये सब एक ही संदेश दे रहे थे कि बरेली में कानून का राज है शरारती तत्वों की कोई जगह नहीं।इस दौरान ड्रिल में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 13 क्षेत्राधिकारी, 29 थाना प्रभारी, 60 उपनिरीक्षक, 40 महिला आरक्षी और 355 पुरुष आरक्षी समेत 614 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। मतलब बरेली पुलिस की पूरी फौज मैदान में थी।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में हुई इस एक्सरसाइज में टियर गैस गन, अश्रु गैस गोले, स्टन ग्रेनेड और रबर बुलेट्स का जोरदार प्रदर्शन किया गया। भीड़ को कैसे तितर-बितर करना है, उपद्रवियों को कैसे काबू करना है – सबकुछ लाइव एक्शन मोड में दिखाया गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने खुद मोर्चा संभाला और अपने सुपर कॉन्फिडेंट अंदाज में कहा अगर किसी ने शांति भंग करने की कोशिश की, तो पुलिस का जवाब ऐसा होगा कि जिंदगी भर याद रहेगा।
थानों में भी बज रही अलर्ट की घंटी
इस बार ड्रिल सिर्फ पुलिस लाइन तक सीमित नहीं रही, हर थाने में सुरक्षा अभ्यास कराया गया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान चौकसी बढ़ाएं। गश्त तेज करें और किसी भी हाल में शहर की अमन-शांति से खिलवाड़ न होने दें। मतलब साफ है – अगर किसी ने फुल मस्ती में फुल टेंशन देने की कोशिश की तो पुलिस उसे सीधा लॉकअप का टिकट थमा देगी। बरेली पुलिस की इस महा-ड्रिल के बाद एक बात तय है – त्योहारों पर सुरक्षा फुल ऑन मोड में है। हर संवेदनशील इलाके पर पुलिस की पैनी नजर होगी, ड्रोन और सीसीटीवी से हर मूवमेंट ट्रैक किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो पुलिस एक्शन में देर नहीं करेगी।