छत पर गोली मारकर हत्या, पत्नी से पूछताछ

बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में आधी रात जोगिंदर की गोली मारकर हत्या। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, मामला संदिग्ध मानकर कई पहलुओं पर जांच जारी।

छत पर गोली मारकर हत्या, पत्नी से पूछताछ
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ आधी रात छत पर मारी गई गोली
➡️ सिर में गोली लगने से मौके पर मौत
➡️ पत्नी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

जन माध्यम
बरेली। Bareilly के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में शुक्रवार रात लगभग एक बजे गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जोगिंदर के रूप में हुई है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जोगिंदर की पत्नी अनीता ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि रात में छत की ओर से किसी प्रकार की सनसनाहट की आवाज सुनाई दी। इस पर वह और उनके पति जीने के रास्ते से छत पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक गोली चला दी। गोली जोगिंदर के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर छत पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के अनुसार पुलिस पारिवारिक विवाद सहित अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य संकलन के लिए विशेषज्ञ दल को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक प्रमाण एकत्र किए। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन संदिग्धों की तलाश में विभिन्न संभावित पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।