13 सितंबर से शुरू होगा उर्स-ए-शाहदाना वली, सात दिन होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बरेली में हजरत शाहदाना वली का सात रोजा उर्स 13 सितंबर से शुरू होगा। उर्स में परचम कुशाई, जुलूस, कुल शरीफ और महफिल-ए-समा के कार्यक्रम होंगे।

13 सितंबर से शुरू होगा उर्स-ए-शाहदाना वली, सात दिन होंगे विभिन्न कार्यक्रम
HIGHLIGHTS:

• हजरत शाहदाना वली का सात रोजा उर्स 13 सितंबर से शुरू होगा।

• उर्स में परचम कुशाई, जुलूस-ए-गागर, चादरों के जुलूस और महफिल-ए-समा के कार्यक्रम होंगे।

• आयोजकों ने उर्स से पहले नगर निगम की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

जन माध्यम
बरेली।
ए-कुतुब हजरत शाहदाना वली का सात रोजा उर्स 13 सितंबर से शुरू होगा। दरगाह शाहदाना वली परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दरगाह के मुतवल्ली अब्दुल वाजिद नूरी ने उर्स के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को परचम कुशाई के साथ उर्स का आगाज होगा। परचम का जुलूस लाल मस्जिद स्थित हाजी अजर बेग के निवास से रवाना होकर दरगाह आला हजरत पर सलाम पेश करेगा। इसके बाद बिहारीपुर, नॉवल्टी चौराहा, कुमार टॉकीज, आजमनगर, गोपीनाथ और शाहमतगंज होते हुए दरगाह शाहदाना वली पहुंचेगा। यहां दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन अल्लामा मुफ्ती अहसन रजा कादरी परचम कुशाई की रस्म अदा करेंगे। इसके बाद चादर व गुलपोशी कर दुआ-ए-खैर की जाएगी।

13 सितंबर की रात ईशा की नमाज के बाद रात नौ बजे से दीनी सवाल-जवाब होंगे। सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए जाएंगे। कार्यक्रम की सरपरस्ती जानशीने तहसीने मिल्लत अली जनाब सूफी रिजवान रजा खान करेंगे, जबकि निजामत मौलाना आला उद्दीन साहब करेंगे।

14 सितंबर को चक चुंगी स्थित महबूब साबरी व मरहूम अब्दुल करीम के निवास से जुलूस-ए-गागर निकलेगा। रात में नातो-मनकबत की महफिल होगी और रात 1:40 बजे हुजूर मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल शरीफ होगा।

15 सितंबर को रात नौ बजे महफिल-ए-समा होगी। 16 सितंबर को ठिरिया निजामत खां से चादरों का जुलूस निकलेगा और रात नौ बजे महफिल-ए-समा होगी। 17 सितंबर को शाम 5:30 बजे सरकार शाहदाना वली का कुल शरीफ और रात नौ बजे महफिल-ए-समा होगी। 18 सितंबर को शाम 5:30 बजे हजरत केले शाह बाबा का कुल शरीफ और रात में महफिल-ए-समा होगी। 19 सितंबर को सुबह 10:30 बजे सय्यद बाबा का कुल शरीफ होगा। इसके साथ सात रोजा उर्स का समापन होगा।

मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि उर्स के मौके पर दरगाह की ओर से गरीब बच्चियों की शादी कराई जाएगी, जिसकी घोषणा उर्स के दौरान की जाएगी। उन्होंने बताया कि उर्स की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि, नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने चिंता जताई। उनका कहना है कि जगह-जगह गंदगी होने से जायरीनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कार्यक्रम में वसी अहमद, यूसुफ इब्राहिम, गफूर पहलवान, मिर्जा शाहाब बेग, तौसीफ खान, खलील कादरी, महबूब साबरी, अकरम वारसी, फरीद खान, शान खान, सईद खान, मिर्जा मुकर्रम बेग, इरफान गोसी, जावेद खान, गुल्लन खान, अकरम दान, भूरा साबरी, हाफिज खान आदि मौजूद रहे।