बरेली: '20-20 घंटे की कटौती से जनता त्रस्त'; बिजली संकट के खिलाफ अधीक्षण अभियंता को सपा ने सौंपा ज्ञापन
बरेली में अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह से मुलाकात की। नेताओं ने फाईक एन्क्लेव और किंग्स एवेन्यू सहित कई इलाकों में 20-20 घंटे की कटौती पर आक्रोश जताया।
फाईक एन्क्लेव, किंग्स एवेन्यू और जेएचएम कॉलोनी में हो रही भारी कटौती का विरोध।
लोड कम करने के लिए कॉलोनियों में नए ट्रांसफार्मर लगाने की उठी मांग।
अधीक्षण अभियंता ने सपा शिष्टमंडल को दिया जल्द समाधान का आश्वासन।
हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली। शहर के विभिन्न इलाकों में हो रही भारी बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया। सपा नेताओं के एक शिष्टमंडल ने अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह से मुलाकात कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने की मांग की और जनता को हो रही परेशानी पर कड़ा आक्रोश जताया।
सपा नेताओं ने अधीक्षण अभियंता को सौंपे ज्ञापन में बताया कि फाईक एन्क्लेव, किंग्स एवेन्यू, जेएचएम कॉलोनी और शहर के कई अन्य हिस्सों में पिछले कुछ समय से 20-20 घंटे तक की अघोषित कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच इस कटौती से आम जनता का हाल बेहाल है।
शिष्टमंडल ने मांग उठाई कि कॉलोनियों में बढ़ रहे बिजली लोड को बांटने के लिए तत्काल नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि बार-बार होने वाले ट्रिपिंग और फॉल्ट से राहत मिल सके। अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने सपा नेताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही तकनीकी समस्याओं को दूर कर आपूर्ति में सुधार किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संजीव कुमार सक्सेना, ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट, हैदर अली, मोहम्मद नासिर, शारिक़ खान, जावेद बंटी और विक्की सहित कई अन्य सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।