हिंदू सम्मेलन को संबोधित करेंगे प्रवीण भाई तोगड़िया
भोजीपुरा में 11 जनवरी को विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
➡️ भोजीपुरा में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन
➡️ 11 जनवरी को इटोआ रोड स्थित प्राइमरी स्कूल के पास कार्यक्रम
➡️ डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया होंगे मुख्य वक्ता
➡️ हिंदू एकजुटता और सनातन मूल्यों पर जोर
सरफराज़ खान/ जन माध्यम
सेंथल, बरेली। हिंदू एकजुटता और अखंडता के संकल्प को लेकर सनातन धर्मगुरुओं के आह्वान पर भोजीपुरा क्षेत्र में एक विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 11 जनवरी, रविवार को इटोआ रोड स्थित प्राइमरी स्कूल के पास होना सुनिश्चित हुआ है, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष-संस्थापक, प्रसिद्ध कैंसर सर्जन और हिंदू राष्ट्रवाद के प्रबल उद्घोषक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया शिरकत करेंगे।
आयोजन की कमान जिलाध्यक्ष विवेक गंगवार के नेतृत्व में संभाली जा रही है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां चल रही हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। विभिन्न हिंदू संगठनों से सामूहिक रूप से सम्मेलन को सफल बनाने का निरंतर आह्वान भी किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का यह भोजीपुरा में लगातार तीसरा दौरा होगा, जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन मूल्यों पर विचार रखे जाने की संभावना है।
कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष विवेक गंगवार, वीरेंद्र गंगवार, केशव गंगवार, राहुल गंगवार, पुष्पेंद्र गंगवार, दिनेश मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि सम्मेलन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आयोजकों का कहना है कि यह हिंदू सम्मेलन न केवल एक कार्यक्रम होगा, बल्कि समाज में संगठन, संवाद और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।