भाजपा एमएलसी आवास में घुसकर हंगामा, मैनेजर से बदसलूकी का आरोप

फरीदपुर में दुकान विवाद के बाद कुछ लोगों के भाजपा एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के आवास में घुसकर हंगामा करने और मैनेजर से बदसलूकी का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी।

भाजपा एमएलसी आवास में घुसकर हंगामा, मैनेजर से बदसलूकी का आरोप
HIGHLIGHTS:

➡️ भाजपा एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के घर में घुसपैठ का आरोप
➡️ मैनेजर से गाली-गलौज और बदसलूकी का दावा
➡️ घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
➡️ पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया

जन माध्यम

फरीदपुर (बरेली)। फरीदपुर कस्बे में बुधवार देर शाम एक दुकान विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कुंवर महाराज सिंह के आवास तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने एमएलसी के घर में घुसकर वहां मौजूद मैनेजर से अभद्रता की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई है।

जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला फर्रखपुर स्थित सब्जी मंडी में मीट विक्रेता पंचम यादव और पास की दुकान चलाने वाले गुड्डू अली के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि गुड्डू अली ने अपने साथियों को बुला लिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

बताया जा रहा है कि पंचम यादव जान के खतरे को भांपते हुए करीब आधा किलोमीटर तक दौड़कर भाजपा एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के आवास में पहुंच गया। उस समय घर पर एमएलसी की पत्नी कामिनी सिंह और मैनेजर डिंपल सिंह मौजूद थे। उन्होंने युवक को शांत कराने और सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।

इसी दौरान पीछा कर रहे कुछ लोग भी आवास में दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर मैनेजर से बदसलूकी की। इससे कुछ देर के लिए आवास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मैनेजर ने फोन पर एमएलसी को अवगत कराया। उस समय कुंवर महाराज सिंह बरेली में एक पार्टी बैठक में मौजूद थे। उन्होंने तत्काल फरीदपुर इंस्पेक्टर को सूचना दी और बैठक छोड़कर आवास के लिए रवाना हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें पंचम यादव पक्ष के दो और गुड्डू अली पक्ष के तीन लोग शामिल बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस मामले पर एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि उनके आवास में इस तरह घुसपैठ होना गंभीर विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।