सिटी हार्ट कॉलोनी में जलभराव, 15 साल से स्थायी समाधान का इंतजार

बरेली की सिटी हार्ट कॉलोनी में भारी बारिश के बाद घरों में जलभराव से लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने डीएम से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।

सिटी हार्ट कॉलोनी में जलभराव, 15 साल से स्थायी समाधान का इंतजार
HIGHLIGHTS:

सात सितंबर की बारिश में करीब 90 प्रतिशत घरों में पानी भरने का दावा।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक 15 वर्षों से हर बरसात में जलभराव की समस्या।

डीएम से ड्रेनेज पाइप, पिट और सकिंग पंप की व्यवस्था कराने की मांग।

जन माध्यम
बरेली।
स्टेडियम रोड स्थित सिटी हार्ट कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर स्थायी समाधान की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सात सितंबर को हुई भारी बारिश के बाद कॉलोनी के करीब 90 प्रतिशत घरों में दो से चार फुट तक पानी भर गया।

जगदीश अरोड़ा, दर्शन लाल भाटिया और मिंटू सूरी ने बताया कि बाहर से तेज बहाव के साथ पानी कॉलोनी में घुसने के कारण घरों का सामान खराब हुआ और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। गंदा पानी भरने से कई लोगों के संक्रमण की चपेट में आने की बात भी कही गई है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक करीब 150 मकानों वाली कॉलोनी पिछले 15 वर्षों से हर बरसात में 10 से 15 दिनों तक जलमग्न रहती है। उनका कहना है कि मौजूदा समय में विधायक निधि से सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी के साथ जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है।

क्षेत्रवासियों ने सुझाव दिया कि ड्रेनेज पाइप, पिट और सकिंग पंप की व्यवस्था कर कॉलोनी के दोनों गेटों से पानी मुख्य नाले तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

मांग करने वालों में जगदीश अरोड़ा, दर्शन लाल भाटिया, मिंटू सूरी, गुरकीरत सिंह, परमजीत सिंह और राम अरोड़ा आदि मौजूद रहे।