गरीबों पर कमीशन की मार : देहात क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता हो रहे दलालों का शिकार
-
एसडीओ दफ्तर पर सक्रिय दलालों का बोलबाला, दलाल आए बढे बिल ठीक कराने के नाम पर करते हैं गरीबों का शोषण
-
पीड़ितों ने रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी से की शिकायत
-
एसोसिएशन अध्यक्ष ने महकमे के आला अफसरों से की बात
देवरनियां, बरेली। देहात क्षेत्र में बिजली महकमा उपभोक्ताओं का डबल शोषण कर रहा है। एक तरफ बढे हुए बिजली बिल भेजकर शोषण किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ सक्रिय दलालों के जरिए पीड़ित उपभोक्ताओं की जेब काटी जा रही है। इस मकर जाल से त्रस्त उपभोक्ताओं ने रिछा राइस मिलर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष से मिले। पीडितों की शिकायत पर एसोसिएशन अध्यक्ष ने महकमे के आला अफसरों से बात कर समाधान की मांग की है।
बरेली जिले के देहात क्षेत्र में बिजली की समस्या से उपभोक्ता त्रस्त हैं। जब वह समाधान कराने महकमें के अफसरों के पास जाते हैं, तो वहां सक्रिय दलाल उनका शोषण करते हैं। इसी तरह का बहेडी तहसील के देहात क्षेत्र का एक मामला सामने आया है। जहां पहले तो उपभोक्ताओं को बिजली के बिल बढाकर भेजे जाते हैं, फिर जब पीडिता समाधान करान अफसरों के पास जाते हैं, तो वहां सक्रिय दलाल उन्हें घेर लेते हैं।
इस बाबत मीडिया चावल नगरी रिछा राइस मिलर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने बताया कि रिछा कस्बा समेत ब्लॉक के कई गांवों के ग्रामीणों की शिकायत है, कि उनके बिजली के बिल बहुत बढे हुए आ रहे हैं।
श्री नियाज़ी का कहना है, कि बढे हुए बिजली बिल को ठीक कराने गरीब लोग जब बहेडी स्थित एसडीओ दफ्तर जाते हैं, तो वहां दलाल सक्रिय रहते हैं, जो बिल ठीक कराने के नाम पर गरीब- मजलूमों को ठगते है। उन्होंने कहा कि वहां दलालों का एक रैकट काम कर रहा है। यह सब महकमे के जिम्मेदारों के संरक्षण में चल रहा है। हालांकि अफसर कहते हैं कि उन्हें इसका ज्ञान नहीं है।
रिछा राइस मिलर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने इस बाबत एग्जीज्कूटिव इंजीनियर और एसडीओ बहेडी से फोन पर बात कर शिकायत से अवगत कराया। अफसरों ने उन्हें इसकी तह तक जाने और दलाली का काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाए जाने का भरोसा दिया है। इसके अलावा श्री नियाज़ी ने बढिया क्वालिटी के मीटर लगवाने की भी मांग की है।
कुंडराकोठी से बालपुर सिंगल रोड को डबल करने को लेकर केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र
रिछा राइस मिलर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी ने कुंडराकोठी से जनपद पीलीभीत की सीमा बालपुर गांव तक दो किलोमीटर सिंगल लेन रोड को डबल लेन रोड निर्माण करने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है, कि दो किलोमीटर इस सिंगल लेन रोड़ पर जगह- जगह गड्ढे हो गए हैं, चावल के हब रिछा में आने वाली धान की गाड़ियों से हादसे का खतरा बना रहता है, इसे डबल लेन रोड की बहुत जरूरत है। उन्होंने दो किलोमीटर इस रोड को डबल लेन रोड बनाने की मांग की है।
"कोई दलाल सक्रिय नहीं है, जिसकी समस्या है, वह हमसे सीधे मिल सकता है। इसके अलावा जनता की मांग पर संबंधित गांव, कस्बे, या वार्ड में कैम्प लगा कर भी बिजली समस्या का समाधान कराया दिया जाएगा।"
प्रेमचन्द्र यादव, एसडीओ बहेड़ी।