भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि, कांग्रेस का कैंडल मार्च

मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरत भूषण तिवारी की मौत के विरोध में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।

भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि, कांग्रेस का कैंडल मार्च
HIGHLIGHTS:

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि देकर कैंडल मार्च निकाला।

जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।

जन माध्यम
मथुरा। 
बिहार में युवा समाजसेवी भरत भूषण तिवारी की मौत के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा ने विकास मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा पर कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने किया, जबकि बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुकेश धनगर ने कहा कि भरत भूषण तिवारी सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए थे और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित के मुद्दों को उठाने वाले लोगों की सुरक्षा और अधिकारों का संरक्षण आवश्यक है। कांग्रेस नेताओं ने इस प्रकरण में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, आदित्य तिवारी, रूपा लवानिया, विपुल पाठक, जिलानी कादरी, आशीष अग्रवाल, अबरार कुरैशी, योगेश यादव, लक्ष्य गौड़, गौरांग अग्रवाल, अरनव चौधरी, अनवर फारुकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में कांग्रेसजनों ने दिवंगत भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।