श्रद्धांजलि में नम हुई आंखें
कांग्रेस द्वारा आयोजित शोकसभा में मोहसिना किदवई और आशा भोसले को श्रद्धांजलि, नेताओं ने दी भावभीनी यादें।
कांग्रेस ने आयोजित की शोकसभा
मोहसिना किदवई और आशा भोसले को श्रद्धांजलि
नेताओं ने उनके योगदान को किया याद
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जन माध्यम
बरेली। गम के साये में डूबी महफिल में जब नाम लिया गया, तो हर आंख नम हो गई और हर दिल से दुआएं निकल पड़ीं। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा एक भावभीनी शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई और स्वर की सम्राज्ञी आशा भोसले को खिराज ए अकीदत पेश किया गया।
इस शोकसभा का आयोजन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा की अगुवाई में किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने दोनों महान हस्तियों के जीवन और योगदान को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनेश दद्दा ने अपने संबोधन में कहा कि मोहसिना किदवई उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से संबंध रखने वाली एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ थीं, जिन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनका अनुभव और समर्पण आज भी प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि मोहसिना किदवई जैसा नेता आज के दौर में मिलना बेहद दुर्लभ है। उनके राजनीतिक जीवन की सादगी और जनता के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने स्वर की सम्राज्ञी आशा भोसले को याद करते हुए कहा कि आज के समय में उनकी जैसी आवाज सुनना मुश्किल है। उन्होंने अपने गायन के माध्यम से देश का नाम विदेशों तक रोशन किया और संगीत जगत में अमिट छाप छोड़ी।
शोकसभा में मौजूद सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके योगदान को नमन किया।
इस दौरान अकरम खान, महिंदर पाल गंगवार, जीशान अफरीदी, मुजमील हसन, तीरथ मधुकर, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, अकरम भाई, अंश वर्मा, सफदर अली, मोहसिन खान, फराहा खान, फिरदोस खान, तब्बूसुम, मोसिन खान, सतीश चंद्रा सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की।