सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में डीएम ने जताई नाराजगी: निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्त हुए डीएम, अफसरों को लगाई फटकार

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में डीएम ने जताई नाराजगी: निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्त हुए डीएम, अफसरों को लगाई फटकार
HIGHLIGHTS:

1. वृक्षारोपण के लिए अब तक भूमि चयन न करने वाले विभागों को चेतावनी

बरेली। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और निर्माण कार्यों की अनदेखी पर जिलाधिकारी ने कई विभागों की क्लास लगा दी।

सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने सी.डी और ई श्रेणी में शामिल विभागों की कार्यप्रगति पर असंतोष जताया और रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य समय पर पूरे न करने वाली एजेंसियों को चेताया गया कि अब कोई भी कार्य तय समय से बाहर नहीं जाएगा।

नाथ कॉरिडोर व वृक्षारोपण को लेकर दिए निर्देश
पर्यटन विभाग को नाथ कॉरिडोर से संबंधित कार्यों के टेंडर जल्द कराने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन विभागों ने अभी तक भूमि चिह्नित नहीं की है, वे तत्काल भूमि चयन कर कार्य शुरू कराएं।

10 प्रोजेक्ट पूरे, फिर भी हैंडओवर नहीं
बैठक में निर्माण निगम के 10 प्रोजेक्ट पूरे होने के बावजूद अब तक हैंडओवर न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य सौंपने के निर्देश दिए।

अनुपस्थित अफसर पर होगी कार्रवाई
रुहेलखण्ड के अधिशासी अभियंता की बैठक में अनुपस्थिति पर डीएम ने विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की धीमी प्रगति वाले विभागों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश स्तर पर जिले का प्रदर्शन खराब रहा, तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार माने जाएंगे।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, डीवीओ दिनेश कुमार यादव, डूडा परियोजना निदेशक चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, उप निदेशक कृषि अभिनन्दन सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।