सीडीओ जग प्रवेश के शानदार प्रदर्शन से डीपीएस 12वीं ने जीता फ्रेंडली क्रिकेट मैच
बरेली। डीपीएस बरेली के क्रिकेट मैदान पर रविवार को आयोजित एक रोमांचक फ्रेंडली क्रिकेट मैच में डीपीएस 12वीं के छात्रों और डीपीएस एलुमनाई 12वीं के छात्रों की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में डीपीएस 12वीं के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत डीपीएस एलुमनाई 12वीं के टीम के टॉस जीतने से हुई, जिन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उनकी टीम ने 30 ओवरों में 301 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एलुमनाई टीम के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। जिसमें वंश ने शतक जड़ते हुए 100 रन बनाए। तुषार ने 69 रन और अमित ने 57 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस 12वीं के बच्चों की टीम ने आत्मविश्वास और धैर्य का शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने 28 ओवरों में ही 303 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस शानदार जीत में बरेली के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जग प्रवेश ने नायक की भूमिका निभाई। उन्होंने मात्र 64 गेंदों में 174 रन की अविश्वसनीय पारी खेली, जिसमें 11 छक्के और 19 चौके शामिल थे। यह पारी डीपीएस बरेली के मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया।
सीडीओ जग प्रवेश के अलावा निखिल ने 51 रन और डीपीएस बरेली के प्रिंसिपल वीके मिश्रा ने 24 रन का योगदान दिया। निखिल और जग प्रवेश के बीच हुई साझेदारी ने टीम की जीत की नींव रखी। इसके अलावा जग प्रवेश ने गेंदबाजी में भी अपने कौशल का लोहा मनवाया, उन्होंने 3 विकेट लेकर एलुमनाई टीम की रनों की रफ्तार को रोका। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वसम्मति से प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।