फर्जी दस्तावेज, दो पैन कार्ड और 3 करोड़ की ठगी, निलंबित शिक्षिका गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज, दो पैन कार्ड और 3 करोड़ की ठगी, निलंबित शिक्षिका गिरफ्तार
demo image

बरेली। शिक्षा के मंदिर में ज्ञान बांटने वाली एक शिक्षिका ने फर्जी दस्तावेजों के जाल में ऐसा खेल रचा कि तीन करोड़ रुपये की ठगी कर डाली। एमबी इंटर कॉलेज की निलंबित शिक्षिका वंदना वर्मा को बुधवार को प्रेमनगर पुलिस ने डीडीपुरम स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बदायूं के थाना सिविल लाइंस के आदर्शनगर निवासी अमित कुमार ने अपनी पत्नी वंदना वर्मा के खिलाफ एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की थी। अमित के मुताबिक वंदना ने अपनी जन्मतिथि में हेराफेरी कर दो पैन कार्ड और दो आधार कार्ड बनवा लिए। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, स्टेट बैंक और गदरपुर (उत्तराखंड) की विभिन्न शाखाओं से करोड़ों का लोन लिया। इतना ही नहीं, वंदना ने अपने असली नियुक्ति पत्र का इस्तेमाल कर अपने गिरोह के लोगों के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार किए और लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी की।

शिक्षिका ने सरकारी नौकरी में रहते हुए बिना विभागीय अनुमति के विदेश यात्रा भी कर ली और कई बार बिना छुट्टी लिए गायब रहती थी। इस पर डीआईओएस (जिला विद्यालय निरीक्षक) ने जांच करवाई, जिसमें वह दोषी पाई गईं। 23 अक्टूबर 2024 को जांच रिपोर्ट में दोष सिद्ध होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया लेकिन कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।

अमित की शिकायत और एसएसपी के निर्देश के बाद प्रेमनगर पुलिस ने वंदना वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया। बुधवार को इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी के नेतृत्व में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। और कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।