फरीदपुर ने खोया अपना जनसेवक
फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के निधन पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
➡️ डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने परिजनों से मिलकर जताया शोक
➡️ पार्टी और सरकार के साथ खड़े होने का दिलाया भरोसा
➡️ समीक्षा बैठक के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
➡️ मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
जन माध्यम। बरेली।
फरीदपुर विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन ने न केवल उनके परिवार को, बल्कि पूरे जनपद और भारतीय जनता पार्टी को गहरे शोक में डुबो दिया है। मिलनसार स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले प्रो. लाल का अचानक यूं चले जाना हर किसी के लिए हैरान कर देने वाला है। उनके निधन की खबर जैसे ही फैली, पूरे राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फरीदपुर विधायक के शक्तिनगर स्थित निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से भावुक संवाद किया और कहा कि यह क्षति अपूरणीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन घड़ी में पार्टी और सरकार हर पल परिवार के साथ खड़ी है। उनकी आंखों में छलकती संवेदना और शब्दों में झलकता अपनापन परिजनों के लिए कुछ पल का सहारा बन गया। प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के निधन की परिस्थितियां भी सभी को भीतर तक झकझोर देने वाली हैं। दो जनवरी को वह सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। यह खबर सुनते ही वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर कैबिनेट मंत्रियों तक ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को ढांढस बंधाया। बीते दिनों से लगातार नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर आंख नम है, हर दिल भारी है। रविवार को भी भाजपा के कई कैबिनेट मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगमन का कार्यक्रम तय है। यह सब इस बात का प्रमाण है कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल केवल एक विधायक नहीं थे, बल्कि वे लोगों के दिलों में बसने वाले जननेता थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाती रहेगी।