प्यार में पड़ा, तमंचा लेकर छत पर चढ़ा, फिर जेल गया....
1. तमंचा थामे संदीप की चार घंटे की जिद
2. पुलिस की सूझबूझ से बची जान, पहुंचा जेल
बरेली। प्यार में धोखा खाने वालों की कहानियां तो आपने सुनी होंगी। ताजा मामला देहात के सिरौली थाना क्षेत्र का है जहां एक दिलचस्प ड्रामा देखने को मिला। युवती पर जीवन बर्बाद करने का आरोप लगाकर संदीप सागर नामक युवक छत पर चढ़ गया और तमंचा कनपटी पर तान लिया। चार घंटे तक यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चला जिसे देखने के लिए गांव वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। आखिरकार पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
गांव के ही संदीप सागर और एक युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों भागकर शादी करने के सपने देख रहे थे। मगर, मामला पुलिस तक पहुंच गया। युवती के पिता ने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद संदीप को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया।जमानत पर छूटने के बाद जब संदीप गांव लौटा तो उसे उम्मीद थी कि परिवार उसका साथ देगा। लेकिन घरवालों ने भी किनारा कर लिया। इसी ग़म में उसने तमंचा उठाया और छत पर चढ़कर चीखने-चिल्लाने लगा।
बुधवार सुबह अचानक संदीप छत पर चढ़ा और तमंचा अपनी कनपटी पर रखकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा – "इस लड़की ने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया, अब मैं जीना नहीं चाहता।" गांववालों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष रामरतन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदीप को समझाने लगे, लेकिन वह झुकने को तैयार नहीं था। पहला घंटा: पुलिस और ग्रामीण उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन संदीप चिल्लाता रहा। करीब चार घंटे बाद पुलिस की सूझबूझ से संदीप को छत से नीचे उतारा गया।
तमंचा जब्त, प्रेमी फिर पहुंचा जेल
संदीप के नीचे आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तमंचा भी जब्त कर लिया। रोते-बिलखते हुए उसने पुलिस को अपनी पूरी कहानी सुनाई और कहा— "साहब, इस लड़की ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी।" थानाध्यक्ष रामरतन सिंह ने बताया कि संदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे फिर जेल भेज दिया गया।