शासन का एक्शन: सेमीखेडा चीनी मिल जीएम और सीसीओ पर गिरी गाज
बरेली। जिले की एकमात्र किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेडा में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। मिल अफसरों के बीच बनी गुटबाजी और राजनीति की गाज मिल के प्रधान प्रबंधक (जीएम) और मुख्य गन्ना अधिकारी (सीसीओ) पर गिरी है। दोनों को यहां से हटा दिया गया है। जीएम पद पर तो तैनाती हो गई है, मगर सीसीओ का पद अभी रिक्त है।
बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे नगर पंचायत देवरनियां के कस्बा सेमीखेडा में किसान सहकारी चीनी मिल स्थित है। जोकि, बरेली जिले की एक मात्र किसान सहकारी चीनी मिल है। पुरानी हो चुकी मशीनरी के कारण ठप होने वाले पेराई की वजह से सेमीखेडा चीनी मिल सुर्खियों में रहती है। सूत्रों के अनुसार मिल अफसरों में गुटबाजी चल रही थी और इसी को लेकर राजनीति की जा रही थी। एक वर्ष पूर्व तैनात हुए मिल के जीएम शादाब असलम खान के खिलाफ अंदरखाने मुहिम चल रही थी, और इसी को लेकर शासन में शिकायत की गई थीं। तीन माह पूर्व तैनात हुए सीसीओ भीम कुशवाह पर भी आरोप थे। इसके अलावा उन पर डबल गन्ना पर्ची तुलवाने जैसे संगीन आरोप भी लगे थे।
शासन ने मिल में चल रही गुटबाजी का संज्ञान लेते हुए जीएम शादाब असलम खान को हटाकर फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज किसान सहकारी चीनी मिल में जीएम बनाया गया है। जबकि सीसीओ भीम कुशवाह को लखनऊ चीनी मिल मुख्यालय अटैच किया गया है।
बदायूं चीनी मिल के जीएम पद से रिटायर किशन लाल को सेमीखेडा चीनी मिल का जीएम बनाया गया है। उनकी नियुक्ति संविदा के आधार पर ग्यारह माह के लिए शासन ने की है। काम अच्छा होने पर यह आगे भी बढ़ सकती है। जबकि, सीसीओ पद पर अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। मिल यहीं कार्यरत कुमार मनीष को सीसीओ को चार्ज दिया गया है।
बदायूं से मंगाया गया सॉफ्ट हुआ रिजेक्ट, सेमीखेडा मिल पूरी तरह हुई ठप:शनिवार देर शाम कोहलू नम्बर एक का साफ्ट अचानक टूट जाने से सेमीखेडा चीनी मिल कुछ घंटे ठप होने के बाद बाइपास कर धीमी गति से चलाई जा रही थी। मगर सोमवार रात मिल पूरी तरह बंद हो गई, हालांकि मंगलवार देर शाम मिल प्रबंधन द्वारा धीमी गति से मिल चलाने का दावा किया जा रहा था।
इधर बदायूं चीनी मिल से मंगवाया गया साफ्ट को रिजेक्ट कर दिया गया है। अब मझौला या गाजियाबाद से नया साफ्ट मंगवाया गया है। सामान्य रुप से मिल चलने में समय और लगेगा।
नये जीएम ने ज्वाइन कर लिया है। रुक रुक कर मिल चलाई जा रही है। बदायूं से आने वाला साफ्ट रिजेक्ट होने पर अब नया साफ्ट मंगवाया जा रहा है। जल्दी मिल सामान्य रूप से पेराई करना शुरू करेगी।
कुमार मनीष, कार्यवाहक सीसीओ सेमीखेडा चीनी मिल