गांव की बेटियों ने रचा इतिहास, ब्लॉक में लहराया सफलता का परचम
हाथरस के सहपऊ ब्लॉक में श्री आर के त्यागी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया। गांव में खुशी का माहौल है।
अंशिका ने ब्लॉक में पहला स्थान हासिल किया
कुमकुम ने दूसरे स्थान पर किया कब्जा
अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया
गांव और स्कूल में खुशी का माहौल
पी.सी. शर्मा। जन माध्यम
सादाबाद।हाथरस। छोटे से गांव से निकलकर जब बेटियां अपनी मेहनत से बड़ा मुकाम हासिल करती हैं, तो वह सिर्फ अपने घर नहीं बल्कि पूरे इलाके का नाम रोशन कर देती हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में सहपऊ क्षेत्र के बासवित्ता गांव स्थित श्री आर के त्यागी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की मेधावी छात्राओं ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर सभी को गौरवान्वित किया।
घोषित परिणाम में अंशिका यादव ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सहपऊ ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कुमकुम यादव ने 89 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं ने जनपद की वरीयता सूची में भी स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के अन्य छात्र छात्राओं ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। मनीष कुमार ने 85 प्रतिशत, मुस्कान ने 84 प्रतिशत, काजल ने 83 प्रतिशत, वंदना ने 79 प्रतिशत, अनुष्का ने 78 प्रतिशत, दिव्या ने 77 प्रतिशत और रोहित चौधरी ने 74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने खुशी जताई और सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय की सफलता से पूरे गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है और हर कोई इन बेटियों की मेहनत की सराहना कर रहा है।