पत्नी के चरित्र पर था शक, शराब के नशे में बेल्ट और चाकू से गला रेतकर कर दी हत्या

भमोरा थाना क्षेत्र के दलीपुर गांव में एक युवक ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने शराब के नशे में बेल्ट, चाकू और आलू छीलने वाले से पत्नी का गला रेत दिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है।

पत्नी के चरित्र पर था शक, शराब के नशे में बेल्ट और चाकू से गला रेतकर कर दी हत्या
HIGHLIGHTS:

1. भमोरा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
2. हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

Bareilly News: देहात के भमोरा थाना क्षेत्र के दलीपुर गांव में एक युवक ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने शराब के नशे में बेल्ट, चाकू और आलू छीलने वाले से पत्नी का गला रेत दिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी। गांव निवासी मुकेश कुमार ने सूचना दी कि कुंवरसेन उर्फ रिषिया ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी आंवला और फील्ड यूनिट बरेली की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। अगले दिन मृतका के भाई मुकेश की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

तीन महीने पहले की थी लव मैरिज, शादी के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी कुंवरसेन ने बताया कि वह लुधियाना में मजदूरी करता था। वहीं बिहार निवासी पुष्पा देवी से उसकी मुलाकात हुई और तीन महीने पहले दोनों ने शादी कर ली। वह पत्नी को लेकर गांव आ गया था, लेकिन उसका व्यवहार उसे ठीक नहीं लगा। अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

शुक्रवार को उसने गांव में शराब पी ली थी। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखे चाकू, बेल्ट और आलू छीलने वाले से पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू (सब्जी काटने वाला), काली बेल्ट, बिना ब्लेड का रेजर, एक ब्रश बरामद किया है।

"आरोपी ने पत्नी की हत्या का गुनाह कबूल कर लिया है, हत्या में इस्तेमाल होने वाले सामान को बरामद कर जेल भेजा गया है- अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिण।"