हिंदू सम्मेलन की तैयारी में संघ
संघ शताब्दी वर्ष के तहत शाखा एकत्रीकरण और गृह संपर्क के बाद मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित करेगा। बैठक में जिला प्रचारक लाखन सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
➡️ संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत होगा आयोजन
➡️ मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन सुनिश्चित
➡️ शाखा एकत्रीकरण के बाद कार्यक्रम
➡️ युवाओं और मातृशक्ति की सहभागिता पर जोर
सरफराज़ खान/ जन माध्यम
सेंथल (बरेली)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के अंतर्गत शाखा एकत्रीकरण और गृह संपर्क अभियान के बाद अब मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी में जुट गया है। इस संबंध में स्वामी दिव्यानंद आश्रम, भोजीपुरा में आयोजित संघ की बैठक में जिला प्रचारक लाखन सिंह ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए लाखन सिंह ने अपने उद्बोधन की शुरुआत “जाति-पांति की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई” के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि भोजीपुरा खंड के प्रत्येक मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज को एकजुट करने का लक्ष्य जमीन पर साकार हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सम्मेलनों में अधिक से अधिक हिंदू युवा और मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही विभिन्न हिंदू संगठनों को सामूहिक रूप से जोड़कर कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावी बनाया जाए। सम्मेलन के दौरान धार्मिक और शिक्षाप्रद कार्यक्रमों का आयोजन, धार्मिक पुस्तकों के स्टॉल लगाने जैसी गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला प्रचारक ने कहा कि कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज आयोजित कर सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश समाज तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि संघ का शताब्दी वर्ष ‘पंच परिवर्तन’ के विचार को समर्पित है, जिसके माध्यम से सामाजिक जागरण और संगठनात्मक सशक्तिकरण का लक्ष्य तय किया गया है।
बैठक में भोजीपुरा ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल, प्रधानाचार्य लाल बहादुर गंगवार, खंड संघ चालक प्रहलाद सिंह यादव, जिला संपर्क प्रमुख बद्री प्रसाद, खंड कार्यवाह हरीश वर्मा, खंड सहकार्यवाह आशीष सक्सेना सहित संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।