आओ गले मिलें: सपा कार्यालय पर होली-ईद मिलन सद्भाव समारोह

आओ गले मिलें: सपा कार्यालय पर होली-ईद मिलन सद्भाव समारोह
HIGHLIGHTS:

1. यही है भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब: अखिलेश यादव

लखनऊ : सपा के प्रदेश मुख्यालय (कार्यालय) पर ‘‘आओ गले मिलें’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। होली-ईद मिलन सद्भाव समारोह में सभी ने एक दूसरे को बधाई (मुबारकबाद) दी। इसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई। भव्य समारोह में हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों के धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का पैगाम दिया।

म्यूजिशियन ब्रायन सिलास के म्यूजिक से मंत्रमुग्ध

कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुति में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त म्यूजिशियन ब्रायन सिलास ने अपनी मनमोहक पियानो धुनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने लता मंगेशकर, अनुराधा पौडवाल और अन्य मशहूर संगीत निर्देशकों के गीतों की प्रस्तुतियाँ दीं। इस शानदार प्रस्तुति के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

गंगा-जमुनी संस्कृति का संदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा, "हमारा देश गंगा-जमुनी तहज़ीब वाला देश है, जहाँ सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुल कर त्योहार मनाते हैं। भाईचारा और आपसी सद्भावना ही हमारी असली ताकत है। यह समारोह इसी एकता का प्रतीक है और यही भारत की सच्चाई भी है।

कविता से नफरत मिटाने का संदेश

पूर्व सांसद एवं प्रसिद्ध कवि उदय प्रताप सिंह ने "न मेरा है, न तेरा है, ये हिन्दुस्तान सबका है। नहीं समझी गई ये बात, तो नुकसान सबका है। हजारों रास्ते खोजे गए उस तक पहुंचने के, मगर पहुंचे हुए ये कह गए भगवान सबका है " इसके अलावा समारोह में प्रमुख धर्मगुरुओं की भागीदारी और उनके मुहब्बत के पैगाम ने ऐतिहासिक आयोजन बना दिया। ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, मौलाना याकूब अब्बास, मौलाना फजले मन्नान (टीले वाली मस्जिद) ज्ञानी गुरमेहर सिंह, हेड ग्रंथी, गुरुद्वारा, बिशप जेराल्ड जॉन मथायस, फादर रॉबर्ट क्वाडरस, फादर डोनाल्ड डिसूजा, पंडित रविंद्र दीक्षित, स्वामी ओमा द अक,मौलाना सैफ अब्बास ने सफल आयोजन की तारीफ कर एकता की बात कही। 

सांसद और विधायक भी शामिल

समारोह का संचालन प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने किया। इस दौरान प्रो. नैयर जलालपुरी, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. दिनेश कुमार, अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद, आरके चौधरी, जियाउर्रहमान बर्क, अफजाल अंसारी, मोहिबुल्लाह, राज्यसभा सांसद जावेद अली, विधायक और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, अमिताभ बाजपेयी, आशु मलिक, शहजिल इस्लाम, फहीम इरफान, शाह आलम गुड्डू जमाली, महबूब अली, अन्नू टंडन, अरविंद सिंह गोप, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, पूजा शुक्ला, वंदना मिश्रा, नाहिद लारी खान आदि मौजूद थे।