तहरीर के बाद भी कार्रवाई नहीं, पीड़ित ने जताया जान का खतरा
क्योलड़िया क्षेत्र के एक घायल युवक ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कर सुरक्षा देने की मांग की है।
मारपीट में घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है।
पीड़ित ने तहरीर के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने का आरोप लगाया।
आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई।
जन माध्यम
बरेली । थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव ठिरिया बन्नीजान निवासी मोहम्मद ताहिर ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना के संबंध में लिखित तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। साथ ही उसने आरोपियों से अपनी और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मद ताहिर के अनुसार 20 जून 2026 को दोपहर करीब साढ़े चार बजे गांव के कब्रिस्तान के पास रुपये के लेन-देन को लेकर उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि कुछ समय बाद जाफर अपने भाई आरिफ, बबलू तथा अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके साथ ही उसकी जेब में रखे 5,000 रुपये, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
मारपीट में घायल मोहम्मद ताहिर का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उसकी बहन ने थाना क्योलड़िया पहुंचकर लिखित तहरीर दी। आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बाद भी अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उसका कहना है कि आरोपियों से लगातार खतरा बना हुआ है।