जमीन कब्जा और रंगदारी का खेल, फायरिंग कर मांगी 50 लाख की फिरौती, मुकदमा दर्ज 

जमीन कब्जा और रंगदारी का खेल, फायरिंग कर मांगी 50 लाख की फिरौती, मुकदमा दर्ज 
  • पीड़ित की आपबीती गला दबाया, तमंचा चलाया, बाल-बाल बची जान!

  • गुंडई की हदें पार, रंगदारी वसूलने के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा

 

बरेली, नापतोल न्यूज़। निलंबित चकबंदी लेखपाल सावन कुमार और उसके गिरोह का आतंक जारी है। पहले तो गैंग ने जबरन जमीन कब्जाई, फिर मालिक से 15 लाख रुपये की रंगदारी वसूली। लेकिन लालच और गुंडई का सिलसिला यहीं नहीं रुका अब 50 लाख रुपये की नई फिरौती मांगते हुए पीड़ित को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की कोशिश की। आईजी डॉ. राकेश सिंह के निर्देश पर थाना कैंट पुलिस ने 10 नामजद समेत 15 आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बारादरी के पुराना शहर स्थित मोहल्ला कांकरटोला निवासी इमरान खां की आपबीती रोंगटे खड़े कर देने वाली है। उन्होंने बताया कि 2005 में थाना कैंट क्षेत्र के मोहनपुर में उन्होंने जमीन खरीदी थी और तब से वहां काबिज थे। 2020 में जब चकबंदी लेखपाल सावन कुमार की तैनाती हुई तभी से उनकी मुश्किलें शुरू हो गईं। सावन कुमार और उसके गिरोह के ठिरिया निजावत खां निवासी इलियास खां, इदरीश खां, इसरार खां, शमशेर खां, शमशाद खां, मोबिन खां, शाइस्ता, रईस मियां, नईम खां, नदीम खां समेत 5 अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें जमीन बेचने का दबाव बनाया। मना करने पर जबरन कब्जा कर लिया गया।

पीड़ित ने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी। जिसके बाद थाना कैंट पुलिस ने कार्रवाई कर जमीन को राजस्व टीम की मदद से कब्जा मुक्त कराया था। लेकिन अपराधी इतनी आसानी से पीछे हटने वाले नहीं थे। कुछ दिन पहले गैंग के सदस्य फिर से सक्रिय हो गए। जमीन पर आकर हंगामा किया और पीड़ित को डरा-धमकाकर 15 लाख रुपये की रंगदारी वसूली। लेकिन उनकी मांग यहीं खत्म नहीं हुई। 16 फरवरी को शाम करीब 5 बजे आरोपी फिर पहुंचे और इमरान खां पर टूट पड़े। लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, गला दबाकर मारने की कोशिश की। इस दौरान नाल मुंह में डालकर तमंचा भी चलाया, लेकिन संयोग से फायर मिस हो गया। किसी तरह पीड़ित भागने में सफल हुए तो आरोपियों ने पीछा कर दूसरा फायर झोंक दिया। जाते-जाते धमकी दे गए कि अगर 50 लाख रुपये और नहीं मिले, तो इस बार जान से हाथ धो बैठोगे।

पुलिस की गैंग पर शिकंजा कसने की तैयारी

घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई। आईजी के निर्देश पर थाना कैंट में 10 नामजद और 5 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर गैंग का सख्त कार्रवाई की जायेगी।