मतदाता एक भी छूटे नहीं प्रशासन अलर्ट

बरेली में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन और राजनीतिक दलों की संयुक्त बैठक, 20 दिसंबर तक जरूरी प्रपत्र जमा करने के निर्देश।

मतदाता एक भी छूटे नहीं प्रशासन अलर्ट
HIGHLIGHTS:

➡️ मतदाता सूची शुद्धिकरण को लेकर प्रशासन सख्त
➡️ एडीएम संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक
➡️ बीएलओ-बीएलए बैठकों में एएसडी सूची साझा
➡️ 20 दिसंबर तक गणना प्रपत्र जमा करने के निर्देश
➡️ 2003 सूची से मैपिंग में दलों से सहयोग की अपील

चुनावी शुद्धता के लिए दलों और अधिकारियों की साझा बैठक


डेस्क/ जन माध्यम 
बरेली। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित और अधिकतम सहभागिता वाला बनाने की दिशा में प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी  एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ईआरओ के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 12 और 13 दिसम्बर को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों बीएलए की बैठकें सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुकी हैं। इन बैठकों में बीएलओ द्वारा बीएलए को एएसडी अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत  मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई गई है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि यदि इस सूची में शामिल किसी मतदाता का गणना प्रपत्र भरने से रह गया है, तो उसका प्रपत्र भरकर 20 दिसम्बर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। बताया गया कि एएसडी सूची बरेली की एनआईसी वेबसाइट पर डीईओ पोर्टल पर भी अपलोड कर दी गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर संबंधित पक्ष उसे डाउनलोड कर सकते हैं। जनपद में कुल 34,05,820 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 26,82,507 गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें बीएलओ द्वारा ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर दिया गया है। हालांकि, प्राप्त गणना के सापेक्ष 3,47,988 मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची से विभिन्न कारणों से मैप नहीं हो पाए हैं। इस पर बीएलओ द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। राजनीतिक दलों से भी अपील की गई कि वे अपने बीएलए को निर्देशित करें ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को 2003 की सूची से मैप करने में सहयोग मिल सके। इसके अतिरिक्त जनपद में 7,23,353 मतदाताओं को एएसडी सूची में शामिल किया गया है, जिसका पुनः सत्यापन जारी है। बैठक में सभी दलों से इस सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया गया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं और मतदाता सूची में नाम जुड़वाना चाहते हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों सहित फॉर्म 6 भरकर अपने बीएलओ को जमा कर सकते हैं। बैठक में समस्त ईआरओ एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।