मथुरा: फ्लिपकार्ट के ट्रक से 30 लाख के लैपटॉप-टैबलेट चोरी, GPS तोड़कर गायब हुआ था ट्रक, 4 गिरफ्तार
मथुरा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 30 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। ट्रक चालक ने साथियों संग मिलकर जीपीएस तोड़ा और सामान पार कर दिया था।
गुरुग्राम से कोलकाता जा रहे ट्रक का जीपीएस तोड़कर वारदात को दिया अंजाम।
ट्रक से 30 लाख रुपये के कीमती लैपटॉप और टैबलेट किए गए थे चोरी।
श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा। गुरुग्राम से फ्लिपकार्ट का कीमती सामान लेकर कोलकाता जा रहे एक ट्रक के साथ बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मथुरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने ट्रक का जीपीएस उपकरण तोड़कर उसे गायब कर दिया था और उसमें रखे 30 लाख रुपये के लैपटॉप व टैबलेट चोरी कर लिए थे। पुलिस ने न सिर्फ सारा सामान बरामद कर लिया है, बल्कि गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए प्रशिक्षु आईपीएस और रिफाइनरी थाना प्रभारी जयबिंद गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की फर्म 'शिव शक्ति कॅरिअर' के स्वामी ने ट्रक गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका ट्रक रिफाइनरी क्षेत्र के पास से लापता है और चालक का मोबाइल भी बंद है।
पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद ट्रक फैक्ट्री एरिया के पास एक बाड़े से बरामद हुआ। जांच में पता चला कि चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब उन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।