मथुरा: किसान ध्यान दें! सरकारी अनुदान पर बीज और मिनीकिट के लिए 10 मई तक करें ऑनलाइन बुकिंग
मथुरा के किसानों के लिए कृषि विभाग ने धान, मक्का, बाजरा और मिनीकिट के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। अनुदान का लाभ लेने के लिए किसान 10 मई तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग के पोर्टल पर धान, मूंग, अरहर और मक्का समेत कई फसलों के बीजों की बुकिंग शुरू।
किसान भाई 10 मई 2026 तक https://agriculture.up.gov.in/ पर कर सकते हैं आवेदन।
श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा। जनपद के किसान भाइयों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत फसलों के उन्नत बीज और मिनीकिट प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उप कृषि निदेशक वसंत कुमार दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि धान, उर्द, मूंग, अरहर, ढेंचा, संकर मक्का, संकर बाजरा, और विभिन्न मिनीकिट (सांवा, कोदों, रागी आदि) के बीज प्राप्त करने हेतु विभागीय पोर्टल https://agriculture.up.gov.in/ पर बुकिंग 10 मई 2026 तक खुली है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनपद या विकासखण्ड स्तर पर निर्धारित लक्ष्य से अधिक बुकिंग प्राप्त होती है, तो किसानों का चयन जिलाधिकारी मथुरा की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। जो किसान अनुदान पर बीज प्राप्त करना चाहते हैं, वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर इस सरकारी योजना का लाभ सुनिश्चित करें।