भीषण गर्मी में स्टेशन पर पानी को तरसे यात्री

मथुरा के कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी के बीच वाटर कूलर और नल बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। पानी खरीदकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं।

भीषण गर्मी में स्टेशन पर पानी को तरसे यात्री
HIGHLIGHTS:

स्टेशन पर बंद पड़े वाटर कूलर और नल

गर्मी में पानी के लिए भटक रहे यात्री

टोंटी गायब होने से और बढ़ी परेशानी

अधिकारियों ने सुधार का दिया आश्वासन

श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा।
तपती धूप और बढ़ती गर्मी के बीच जब प्यास लगे और पानी ही न मिले तो सफर भी सजा जैसा लगने लगता है।

कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर इन दिनों पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। स्टेशन पर लगे वाटर कूलर बंद पड़े हैं और नलों से गर्म पानी आ रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यह है कि कई नलों की टोंटी भी गायब हैं, जिसके कारण पानी की सुविधा और भी प्रभावित हो गई है। ऐसे में यात्रियों को मजबूर होकर पानी की बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।

स्टेशन पर रोजाना करीब आठ से नौ हजार यात्रियों का आवागमन होता है और प्रतिदिन टिकटों की बिक्री से अच्छी आमदनी भी होती है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को मूलभूत सुविधा नहीं मिल पा रही है।

दैनिक यात्री संघ के दीपक अग्रवाल ने कहा कि मौसम में बदलाव के साथ गर्मी बढ़ गई है, ऐसे में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

स्टेशन पर रोजाना तीस से अधिक ट्रेनों का ठहराव होता है, जिनसे सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, लेकिन पानी की उचित व्यवस्था न होने से सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां तक कि स्टेशन पर तैनात कर्मचारी भी इधर उधर से पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं।

आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने कहा कि यदि वाटर कूलर बंद हैं तो उन्हें जल्द चालू कराया जाएगा और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।