मीरगंज में पशु चोरी, किसान की पशुशाला से चार मवेशी ले उड़े चोर
मीरगंज के लभेड़ा दुर्गाप्रसाद गांव में अज्ञात चोरों ने किसान की पशुशाला से चार मवेशी चोरी कर लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
➡️ मीरगंज के लभेड़ा दुर्गाप्रसाद गांव में बड़ी पशु चोरी
➡️ ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर वारदात
➡️ चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये
➡️ अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
करण पाल सिंह / जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव लभेड़ा दुर्गाप्रसाद में बेखौफ चोरों ने ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान की पशुशाला से दो भैंस, एक पड़िया और एक कटरा चोरी कर लिया। घटना से पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मंसाराम पुत्र झम्मनलाल शनिवार रात रोज की तरह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर उनकी पशुशाला तक पहुंचे। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से पशुशाला की ईंटों से बनी बाड़ को हटाया और अंदर घुस गए। इसके बाद वहां बंधे दो भैंस, एक पड़िया और एक कटरा खोलकर अपने साथ ले गए।
सुबह जब मंसाराम और उनके परिवार के लोग जागे और पशुशाला की ओर गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पशुशाला खाली पड़ी थी और ईंटों की दीवार भी टूटी हुई थी। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गांव में चोरी की चर्चा फैल गई और लोगों में आक्रोश के साथ भय भी व्याप्त हो गया।
पीड़ित किसान मंसाराम ने बताया कि चोरी गए चारों पशुओं की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। खेती-किसानी और पशुपालन से परिवार का गुजर-बसर करने वाले मंसाराम के लिए यह नुकसान बेहद बड़ा और कमर तोड़ देने वाला है। उन्होंने बताया कि पशु ही उनकी आय का मुख्य साधन थे।
घटना की सूचना मिलने पर मंसाराम ने थाना मीरगंज में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि गांव लभेड़ा दुर्गाप्रसाद में पशु चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गए मवेशियों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है।