लापता विनोद का पर मिला शव, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
आंवला, बरेली। बदायूं रोड़ पर एलपीएस मेडिकल कॉलेज के पास सड़क किनारे गड्ढे में एक शव मिलने की जानकारी मिलने पर भारी संख्या में आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान सात दिनों से लापता विनोद कुमार के रुप में हुई। सूचना पर इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।जानकारी के अनुसार पनवडिया गांव के रहने वाले विनोद कुमार गेहूं की सिंचाई करने के लिए 12 मार्च को खेत गए थे। खेत में पानी लगाने को पाइप डालने को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। मृतक की पत्नी ने बताया कि खेत पर हुए विवाद में हमलावरों ने उनके पति की हत्या कर दी।
लापता विनोद का शव मिलने पर व पूलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने आंवला बदायूं मार्ग को जाम कर दिया। जाम लगने की जानकारी मिलते क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार व एसडीएम आंवला एन राम मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मृतक के परिजनों व अन्य ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई, फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य उठाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक की पत्नी राधा देवी ने दी गई तहरीर में बताया है कि उसने 14 मार्च को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। महिला ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतक के चार बच्चे हैं जिनमें दो बेटियां और दो बेटे हैं, एक बेटे की उम्र तो अभी मात्र छह माह है। मृतक अपने परिवार का अकेला व्यक्ति था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोई भी व्यक्ति नहीं बचा है। मृतक की पत्नी व बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है, छह माह के बच्चे को तो यह भी नहीं पता कि उसके सिर से पिता का साया हट गया है।
मृतक के परिजनों ने शिकायत कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।