नवागत डीएम अविनाश सिंह ने संभाला कार्यभार: योजनाओं की निगरानी और जनशिकायतों के निस्तारण पर रहेगा फोकस बोले डीएम
1. बोले डीएम- सुबह 10 बजे से कभी भी मिल सकते हैं फरियादी
Bareilly News: जनपद को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। आईएएस अधिकारी अविनाश सिंह ने शाम करीब 4 बजे कोषागार कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अपने तेवर साफ कर दिए और कहा कि उनकी प्राथमिकता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप काम करना होगा। इसमें सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण मुख्य बिंदु रहेंगे।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि प्रशासन आमजन के लिए है और उनकी समस्याओं को सुनना तथा समाधान करना ही प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोई फरियादी सुबह 10 बजे से कभी भी जिलाधिकारी कार्यालय आ सकता है, किसी विशेष अनुमति की जरूरत नहीं होगी। इस व्यवस्था से आम जनता को राहत मिलेगी।
आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड को बेहतर करना प्राथमिकता में
अविनाश सिंह ने बताया कि आईजीआरएस (जन शिकायत निवारण प्रणाली) और सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग को बेहतर करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इससे शासन स्तर पर जिले की छवि मजबूत होगी और योजनाओं का लाभ समय से जनता तक पहुंचेगा।
पहले भी दिखा चुके हैं सख्त प्रशासक की छवि
पूर्व में लखनऊ, मिर्ज़ापुर, गोरखपुर, अम्बेडकर नगर जैसे जिलों में डीएम रह चुके अविनाश सिंह जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं तहसीलों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनता से सीधा संवाद रहेगा जारी
उन्होंने यह भी कहा कि वह समय-समय पर तहसीलों और विकासखंडों का भ्रमण करेंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था धरातल पर नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगाहें अब बरेली की रफ्तार पर
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बरेली में उनकी प्रशासनिक दक्षता किस तरह रंग लाती है। विकास कार्यों की रफ्तार, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनसुनवाई की पारदर्शिता उनके कार्यकाल की असली कसौटी साबित होगी।