पुलिस ने बरामद किये लापता हुए चार बच्चे, जानिये कैसे ढूंढा

पुलिस ने बरामद किये लापता हुए चार बच्चे, जानिये कैसे ढूंढा
HIGHLIGHTS:

1. 11 को हुए थे लापता, परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका
2. दिल्ली रैन बसेरा में मिले सभी किशोर

बरेली। शहर के थाना सीबीगंज क्षेत्र के मथुरापुर गांव से लापता हुए चार किशोरों को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जांच में सामने आया है कि सभी किशोर बिना बताए लाल किला घूमने दिल्ली चले गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही दिनों में बच्चों को सुरक्षित तलाश कर परिजनों को राहत दी है।बीती 11 मई को मथुरापुर निवासी गुड्डी पत्नी वीरेंद्र ने थाने में तहरीर दी थी कि उसका 13 वर्षीय बेटा रोहित अपने दोस्तों विजय (12), आयुष (13) और रितिक (15) के साथ घर से लापता हो गया है। परिजनों को आशंका थी कि बच्चों को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है और पूछने पर गाली-गलौच और धमकी भी दी गई थी। इस आधार पर थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीबीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में टीमों का गठन कर अपह्रत किशोरों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी और मानव स्रोतों के माध्यम से लगातार प्रयास किए जाते रहे। 16 मई यानी शुक्रवार को पुलिस टीम को जानकारी मिली कि लापता किशोर दिल्ली के एक रैन बसेरा में देखे गए हैं। तुरंत टीम दिल्ली पहुंची और चारों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि सभी बच्चे बिना बताए लाल किला घूमने चले गए थे और रात होने पर रैन बसेरा में शरण ली थी।
बरामद किए गए किशोरों को आवश्यक कार्यवाही के बाद उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

किशोरों की सकुशल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम, निरीक्षक अपराध सुभाष कुमार तथा हेड कांस्टेबल रूपेंद्र चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।