सेंट फिलोरेंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य गणतंत्र दिवस रैली

सैंथल में 26 जनवरी के अवसर पर सेंट फिलोरेंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भव्य गणतंत्र दिवस रैली निकालकर देश की एकता, आज़ादी और संविधान के महत्व का संदेश दिया।

सेंट फिलोरेंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य गणतंत्र दिवस रैली
HIGHLIGHTS:

➡️ सेंट फिलोरेंस स्कूल से शुरू हुई गणतंत्र दिवस रैली
➡️ मैनेजिंग पार्टनर कलीम अहमद ने दिखाई हरी झंडी
➡️ संविधान, आज़ादी और राष्ट्रीय एकता का संदेश
➡️ कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली

जन माध्यम
सैंथल (बरेली)।
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सेंट फिलोरेंस स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा कस्बे में भव्य रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ स्कूल परिसर से किया गया, जिसे स्कूल के मैनेजिंग पार्टनर कलीम अहमद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली को रवाना करने से पूर्व स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कलीम अहमद ने कहा कि यदि आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं, तो यह हमारे उन वीर योद्धाओं की देन है जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की हर नेमत से बढ़कर आज़ादी है और इसे संभालकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, क्योंकि इसे पाने के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कठिन संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा कि आज ही के दिन भारत को उसका संविधान मिला और देश पूर्ण रूप से स्वतंत्र राष्ट्र बना। उन्होंने छात्र-छात्राओं से एकता का संदेश देते हुए कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी भाई-भाई हैं और हमारी एक ही पहचान है - भारतीय।

रैली कस्बे के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस स्कूल परिसर में संपन्न हुई। रैली में देशभक्ति नारों और तिरंगे के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर हाजी राहत हुसैन अंसारी, हाजी इरफान अल्वी, जाफर अंसारी, बाबू अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अभिभावक मौजूद रहे।