सचिव ग्राम पंचायत अधिकारी 10 हजार की रिश्वत में गिरफ्तार, विकास कार्यों के भुगतान के एवज में मांगी 10 हजार की रिश्वत, ऐसे दबोचा...
एंटी करप्शन टीम ने सचिव ग्राम पंचायत अधिकारी विनीत कुमार सक्सेना को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। अभियुक्त ने विकास कार्यों के भुगतान के लिए शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
बदायूं-बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को जनपद बदायूं बिसौली ब्लॉक के सचिव ग्राम पंचायत अधिकारी विनीत कुमार सक्सेना को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। अभियुक्त ने विकास कार्यों के भुगतान के लिए शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता की सूचना के बाद एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही विनीत कुमार सक्सैना ने रिश्वत ली। उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई है।
शिकायतकर्ता अखिलेश कुमार पाठक द्वारा गांव में विकास कार्य कराए गए थे। इन कार्यों में मीरा देवी के घर से निशांत के घर तक सीसी रोड निर्माण और प्राथमिक विद्यालय वसई में कायाकल्प कार्यक्रम शामिल थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक कार्यों के भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सचिव ग्राम पंचायत अधिकारी विनीत कुमार सक्सेना ने उनसे दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत के आधार पर की ट्रैप प्रभारी प्रवीण सान्याल ने गुरुवार को तय समय और स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही विनीत कुमार सक्सेना ने शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। अभियुक्त के खिलाफ थाना विनावर में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया है।